
गौ माता की सेवा उनकी उपयोगिता तक सीमित नहीं, उनके जीवन के अंतिम क्षण तक हमारा कर्तव्य है। इसी कर्तव्यबोध से हमारा संकल्प है कि एक ऐसा गौ अस्पताल स्थापित हो, जहाँ असहाय गौवंश को उपचार, संरक्षण और सम्मान के साथ जीवन का आश्रय मिल सके।
दूध देने तक नहीं, जीवन भर गौ माता की सेवा यही हमारा संकल्प है।
सनातन संस्कृति में गौ माता को केवल एक पशु नहीं, बल्कि श्रद्धा, करुणा और मातृत्व का प्रतीक माना गया है। हमारे धार्मिक दर्शन और परंपराओं में गौ का स्थान अत्यंत पूजनीय रहा है। ऐसी पूज्य गौ माता का आज सड़कों पर घायल, बीमार और बेसहारा अवस्था में भटकना हमारे समाज के सामने एक गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
आज एक बड़ी विडंबना यह है कि जब तक गौ दूध देती है, तब तक उसका पालन किया जाता है; लेकिन दूध देना बंद करने, वृद्ध या अनुपयोगी समझे जाने पर अनेक गौवंश को बेसहारा छोड़ दिया जाता है। वे सड़कों पर कूड़ा खाने, पानी के लिए भटकने और दुर्घटनाओं का शिकार होने के लिए मजबूर हो जाती हैं। समय पर उपचार न मिलने के कारण अनेक गौ माताएँ तड़प-तड़पकर अपना जीवन खो देती हैं।
सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गौवंश की मृत्यु होती है। यह केवल गौ माता के जीवन की क्षति नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक संकट भी है। सड़क पर अचानक आ जाने वाले गौवंश से टकराने पर वाहन चालक भी गंभीर रूप से घायल होते हैं और कई मामलों में उनकी मृत्यु तक हो जाती है।
यह वही गौ माता हैं, जिनके दूध-दही से जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण का अभिषेक होता है, शिवरात्रि पर भोलेनाथ को दुग्ध अर्पित किया जाता है, सत्यनारायण कथा में जिनके दूध और दही से पंचामृत बनता है, हवन-यज्ञ में उनके गोमय का उपयोग होता है और अंत्येष्टि में भी गौ माता के गोबर से बनी काष्ठ का इस्तेमाल किया जाता है।
फिर यही विडंबना क्यों कि जिन गौ माताओं को हम श्रद्धा और मातृत्व का स्वरूप मानते हैं, वही आज अन्न और आश्रय के लिए दर-दर भटकने को विवश हैं?
क्या केवल नारे लगाने से हमारा कर्तव्य पूरा हो जाता है? क्या हम वास्तव में गाय को बचाने के लिए कोई सार्थक कदम उठाते हैं?
हम प्रतिदिन मंदिरों में आरती के बाद “गौ माता की जय हो”, “गोहत्या बंद हो”, “गौ माता राष्ट्र माता” के नारे लगाते हैं। लेकिन क्या केवल नारे लगाने से हमारा कर्तव्य पूरा हो जाता है?
कितनी ही बार ऐसा होता है कि हमारे सामने कोई दुर्घटनाग्रस्त और घायल गाय तड़पती हुई घूम रही होती है, लेकिन हम उन्हें देखकर भी उनके उपचार के लिए कोई कदम नहीं उठाते। मंदिरों के जयकारों से सिर्फ गाय का जीवन नहीं बचेगा। गाय के जीवन को बचाना है तो हमें केवल भावनाओं और नारों तक सीमित न रहकर सामूहिक संकल्प के साथ धरातल पर कार्य करना होगा।
आज हम न्यूज़ चैनलों और अखबारों में पढ़ते हैं—गाय की हत्याएं हो रही हैं, उनका मांस काटकर बेचा जा रहा है। परंतु इन हत्याओं का जिम्मेदार कौन है? क्या वह समाज इन हत्याओं का जिम्मेदार नहीं है, जिसने धर्म के आधार पर गाय को माता तो माना, लेकिन माता का दर्जा वास्तविक रूप में दिया नहीं?
आज रोड पर घूमती विवश गाय इस बात का प्रतीक है कि गाय की दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण आप और हम हैं। हम गाय के नाम पर लड़ने को तैयार हैं, लेकिन आश्रय देने के लिए तैयार नहीं हैं।
पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य कई राज्य आज भारत के प्रमुख मांस-उत्पादक राज्यों में शामिल हैं। 2024–25 के केंद्र सरकार के आँकड़ों के अनुसार, कुल मांस उत्पादन में पश्चिम बंगाल की हिस्सेदारी 12.45%, उत्तर प्रदेश की 12.19% और महाराष्ट्र की 11.56% थी।
बूचड़खाने केवल इमारतें नहीं हैं; वे उस व्यवस्था का अंतिम पड़ाव हैं जहाँ एक जीव का जीवन समाप्त होता है। प्रश्न किसी व्यक्ति या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि यह है कि कानून, प्रशासन और समाज पशु-कल्याण तथा गौ-संरक्षण के अपने दायित्वों को कितनी गंभीरता से निभा रहे हैं।
बूचड़खाने की ओर ले जाई जाती प्रत्येक गौ केवल एक जीव नहीं, हमारी संस्कृति के अंतःकरण के सामने खड़ा प्रश्न है। जहाँ गौ के करुण रंभाने पर भी समाज मौन रहे, वहाँ संकट केवल गौ का नहीं, हमारी संवेदना, हमारे संस्कार और हमारे राष्ट्रीय चरित्र का है।
यह पीड़ा केवल गौवंश तक सीमित नहीं है। सड़क पर घायल पड़े अनेक असहाय जीव-जंतुओं को भी समय पर उपचार और संरक्षण नहीं मिल पाता। सरकारी पशु चिकित्सा व्यवस्थाएँ हर स्थान पर तत्काल सहायता उपलब्ध करा सकें, यह हमेशा संभव नहीं होता। ऐसे में एक ऐसी व्यवस्था की आवश्यकता है जहाँ संकट में पड़े जीव को समय पर उपचार मिल सके।
इसी आवश्यकता को देखते हुए जय माँ भवानी हिंदू संगठन एक समर्पित गौ अस्पताल स्थापित करने का संकल्प लेता है। ऐसा सेवा केंद्र जहाँ घायल, बीमार, वृद्ध और बेसहारा गौवंश को उपचार, औषधि, भोजन, देखभाल और आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित आश्रय मिल सके।
हमारा उद्देश्य केवल गौ सेवा तक सीमित नहीं रहेगा। इस केंद्र के माध्यम से घायल, बीमार और असहाय अन्य जीव-जंतुओं के उपचार एवं संरक्षण की भी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी मूक प्राणी को केवल उपचार के अभाव में अपना जीवन न गंवाना पड़े।
हम मानते हैं कि करुणा की कोई जाति, प्रजाति या सीमा नहीं होती। जिस समाज के भीतर जीवों के प्रति संवेदना जीवित रहती है, वही समाज वास्तव में मानवीय और संस्कारित समाज बनता है।
हम गौ सेवा को केवल अवसर विशेष का कार्य नहीं, बल्कि निरंतर और व्यवस्थित सेवा बनाना चाहते हैं। हमारा प्रयास होगा कि घायल गौवंश के लिए उपचार की सुविधा, आवश्यक औषधियाँ, चिकित्सकीय देखभाल, चारा-पानी और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
साथ ही समाज में यह चेतना भी विकसित करना आवश्यक है कि गौ माता की जिम्मेदारी केवल तब तक नहीं है, जब तक वह दूध देती है। वृद्ध, बीमार और असहाय गौवंश की सेवा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
इस संकल्प को साकार करने के लिए समाज की सहभागिता आवश्यक है। गौ अस्पताल का निर्माण, चिकित्सा व्यवस्था, औषधियाँ, चारा-पानी और घायल जीवों की देखभाल निरंतर सहयोग से ही संभव होगा।
आइए, अपने सहयोग से ऐसी व्यवस्था बनाने में सहभागी बनें जहाँ घायल गौ माता को सड़क पर तड़पना न पड़े और किसी असहाय जीव को उपचार के अभाव में मृत्यु के लिए न छोड़ना पड़े।
यदि आप इस संकल्प में हमारे साथ हैं, तो हम केवल संकल्प लेने तक नहीं रुकेंगे। हम प्रत्येक राज्य में गौ अस्पताल की स्थापना के लिए संकल्पित हैं, ताकि किसी घायल, बीमार या असहाय गौ माता को उपचार और संरक्षण के अभाव में अपना जीवन न गंवाना पड़े।